कलेक्टर श्री कन्याल के निर्देश पर मोबाइल कोर्ट में वर्षों पुराना भूमि विवाद सुलझाया गया
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार तहसील बमोरी अंतर्गत ग्राम निभेरी, ग्राम पंचायत कांसल (निभेरी) में शनिवार को मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व विभाग ने भूमि सीमांकन कर लंबे समय से लंबित विवाद के निराकरण की कार्रवाई की।
मोबाइल कोर्ट में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदन के आधार पर दामोदर पुत्र रामचरण एवं सावित्रीबाई पत्नी रामचरण सहित अन्य आवेदकों की भूमि सर्वे क्रमांक 12/3/1, रकबा 1.045 हेक्टेयर पर किए गए कथित अवैध कब्जे के मामले की सुनवाई की गई। आवेदकों ने शिकायत में बताया था कि उनकी स्वामित्व की भूमि पर अरविंद पुत्र लक्ष्मण, जाति मीणा द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है।
प्रकरण में पूर्व से न्यायालय में दर्ज सीमांकन संबंधी कार्रवाई के पालन में संबंधित पक्षों को विधिवत सूचना दी गई थी। निर्धारित तिथि पर राजस्व अमले ने वादग्रस्त भूमि का सीमांकन कर आवेदकों को भूमि की चारों सीमाएं समझाई। सीमांकन के दौरान अनावेदक अरविंद पुत्र लक्ष्मण मीणा अनुपस्थित रहा। संपूर्ण कार्रवाई का पंचनामा तैयार कर नियमानुसार अभिलेखित किया गया।
मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई के दौरान तहसीलदार बमोरी श्री देवदत्त गोलिया, थाना प्रभारी फतेहगढ़ श्री अभिषेक तिवारी, राजस्व निरीक्षक कालूराम मीणा, पटवारी अमित उपाध्याय, ग्राम कोटवार, राजस्व एवं पुलिस अमला तथा पंचगण उपस्थित रहे।
