Type Here to Get Search Results !

एफडीडीआई में प्राचार्य सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

 एफडीडीआई में प्राचार्य सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने उत्कृष्ट प्राचार्यों एवं मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने गुरुवार को एफडीडीआई परिसर में आयोजित प्राचार्य सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में सहभागिता कर जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्राचार्यों एवं शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि जिले के प्राचार्यों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने का प्रयास है।

प्राचार्यों की भूमिका विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में महत्वपूर्ण

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि एफडीडीआई देश का एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जिसका लाभ गुना सहित आसपास के जिलों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के प्राचार्यों की विद्यार्थियों को सही दिशा देने, उनका मार्गदर्शन करने और उनके भविष्य को संवारने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि विद्यार्थियों को समय पर उचित मार्गदर्शन मिले तो वे अपने जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।

एफडीडीआई में बेहतर अवसर, जिले में फुटवियर उद्योग लाने के प्रयास जारी

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि एफडीडीआई में कैंपस प्लेसमेंट की उत्कृष्ट व्यवस्था है तथा उद्योग जगत में यहां के प्रशिक्षित युवाओं की अच्छी मांग है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं कि गुना में फुटवियर उद्योग स्थापित हो, जिससे एफडीडीआई के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार एवं बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

राज्य स्तरीय मेरिट में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों पर जताया गर्व

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि इस वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में जिले के कई छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

उत्कृष्ट प्राचार्यों एवं मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राचार्यों का सम्मान किया गया। साथ ही, विभिन्न परीक्षाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम में एफडीडीआई, गुना की कार्यकारी निदेशक श्रीमती मंजु 'मन', जिला शिक्षा अधिकारी श्री समर राठौर सहित जिले के शासकीय एवं अशासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य, मीडिया प्रतिनिधि, अभिभावक, वि‌द्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.