प्राणघातक हमले के मामले में चांचौड़ा थाना पुलिस की सक्रिय कार्यवाही
*प्रकरण में फरार एक और आरोपी गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं दृढ़ नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही की जा रही है । आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से हिंसक अपराधों, रंगदारी, गुंडागर्दी एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध "जीरो टॉलरेंस" की नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा ग्राम सुंदरपुरा में हुए प्राणघातक हमले के गंभीर प्रकरण में सक्रियता पूर्वक कार्यवाही करते हुए फरार एक और आरोपी को गिऱफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 20 जुलाई 2026 की रात्रि में ग्राम सुंदरपुरा पठार के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपीगण हरिबहादुर मीना, सुमित मीना, मनीष मीना निवासी ग्राम सुंदरपुरा, कुलदीप मीना एवं रोहित मीना निवासी ग्राम टोडी सहित अन्य अज्ञात के द्वारा फरियादी महेश रजक पर एकराय होकर लाठी-फर्सी एवं लात-घूंसों से जानलेवा हमला किया गया था । इस संबंध में चांचौड़ा थाने में सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 213/26 धारा 115(2), 296(ए), 126(2), 109(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था । प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपी हरिबहादुर मीना एवं रोहित मीना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था ।
चांचौडा थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में फरार शेष आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु अपना मुखबिर तंत्र विकसित कर उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है । जिसके परिणाम स्वरुप गत दिनांक 23 जुलाई 2026 को फरार एक और आरोपी के संबंध में मुखबिर सूचना पर बीनागंज चौकी पुलिस द्वारा तत्परता पूर्वक कार्यवाही करते हुए आरोपी श्रीमोहन पुत्र बिहारीलाल मीना उम्र 25 साल निवासी ग्राम सुंदरपुरा थाना चांचौडा को भी गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिवत प्रक्रिया उपरांत उसे आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है । प्रकरण में फरार शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं ।
चांचौडा थाना पुलिस की इस सक्रिय कार्यवाही में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि बृजेश देवरिया, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक शिवप्रताप, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अभिषेक शर्मा, आरक्षक शरद यादव, आरक्षक अंकित मुदगल, आरक्षक सत्येन्द्र लोधी, आरक्षक अमित, आरक्षक अजय समाधिया एवं सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक व आरक्षक अभय रघुवंशी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है ।
