नशा मुक्त युवा से विकसित भारत" विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुना
माइ भारत (Mera Yuva Bharat) केंद्र, गुना द्वारा आज शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1, गुना में "नशा मुक्त युवा से विकसित भारत" विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले भर से आए युवाओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री आर. के. पथरोल जिला कमांडेंट, होमगार्ड, गुना एवं श्री एच. एन.जाटव प्राचार्य, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र. 1, गुना उपस्थित रहे।
संबोधन में अतिथियों ने कहा कि एक सशक्त और विकसित भारत का निर्माण केवल नशा मुक्त, अनुशासित और जागरूक युवा शक्ति के माध्यम से ही संभव है।
कार्यक्रम में युवाओं की रचनात्मकता और सोच को निखारने के लिए नशा मुक्ति विषय पर आधारित वाद-विवाद, गायन, नृत्य, चित्रकला, काव्य पाठ और नारा लेखन जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कला के जरिए समाज को नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने एक स्वर में नशा मुक्त रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने की सामूहिक शपथ ली।
