गेल इंडिया लिमिटेड विजयपुर में कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय गुना की मनकक्ष टीम द्वारा गेल इंडिया लिमिटेड, विजयपुर में कर्मचारियों के लिए "कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन" विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. भाटी ने कार्यस्थल पर बढ़ते तनाव के कारण, उसके दुष्प्रभाव एवं तनाव से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, योग, ध्यान, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा परिवार एवं सहकर्मियों से बेहतर संवाद तनाव को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मानसिक रोगों के शुरुआती लक्षणों जैसे लगातार उदासी, अत्यधिक चिंता, चिड़चिड़ापन, नींद में बदलाव, काम में रुचि कम होना, एकाग्रता में कमी तथा व्यवहार में असामान्य परिवर्तन की समय पर पहचान कर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी।
मनोरोग नर्सिंग ऑफिसर रवि सिंह यादव ने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देते हुए टेली-मानस टोल फ्री हेल्पलाइन 14416 एवं मनहित (Manhit) ऐप के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद या अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्थिति में कोई भी व्यक्ति टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकता है तथा मनहित ऐप के माध्यम से भी मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकता है।
