मिलावट के विरुद्ध अभियान जारी: खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिल्क चिलिंग सेंटरों एवं डेयरियों से लिए दूध, घी और तेल के सैंपल
Guna-
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन तथा अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ. राजकुमार ऋषीश्वर के मार्गदर्शन में जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच एवं सैंपलिंग अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशेष अभियान के तहत सौरामपुरा स्थित महाराज दूध डेयरी एवं सुंदरखेड़ी स्थित दुग्ध सहकारी समिति (मिल्क चिलिंग सेंटर) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दूध के नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए गए।
इसके अलावा साडा कॉलोनी स्थित राजपूत दूध डेयरी एवं किराना प्रतिष्ठान से घी एवं खाद्य तेल के नमूने भी एकत्रित किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जिले में मिलावट के विरुद्ध अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा डेयरियों, मिल्क चिलिंग सेंटरों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग की कार्रवाई निरंतर जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
