समय-सीमा में पूरा हो आरओबी का निर्माण कार्य : कलेक्टर श्री कन्याल
रेलवे ब्लॉक, लाइट शिफ्टिंग और ड्रेनेज पर सख्ती; पिलरों को शहर की पहचान बनाने का भी सुझाव
गुना
गुना अशोकनगर ईसागढ़ मार्ग पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप एमपीआरडीसी द्वारा निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का शुक्रवार को कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना में आने वाली सभी बाधाओं का समय रहते समाधान कर कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे से मिलने वाले ब्लॉक का शत-प्रतिशत उपयोग हो, उपयोगिताओं की शिफ्टिंग में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि किसी भी बड़ी अधोसंरचना परियोजना की सफलता केवल निर्माण पर नहीं, बल्कि बेहतर योजना, विभागीय समन्वय और सतत मॉनिटरिंग पर निर्भर करती है।
फाउंडेशन से सुपर-स्ट्रक्चर तक जांची गुणवत्ता
कलेक्टर श्री कन्याल ने दोनों निर्माणाधीन आरओबी के फाउंडेशन, सब-स्ट्रक्चर एवं सुपर-स्ट्रक्चर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी से चरणवार प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही किए जाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता भविष्य में गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
रेलवे ब्लॉक का पूरा उपयोग करें, मशीनरी पहले से रहे तैयार
निरीक्षण के दौरान विद्युत लाइन शिफ्टिंग एवं अन्य उपयोगिताओं के स्थानांतरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दोनों ओर के शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे से मिलने वाले कार्य ब्लॉक के दौरान आवश्यक स्टाफ एवं मशीनरी पहले से तैयार रखी जाए, ताकि उपलब्ध समय का अधिकतम उपयोग हो सके और निर्माण कार्य की गति प्रभावित न हो।
ड्रेनेज पर विशेष फोकस, जलभराव की स्थिति नहीं बने
कलेक्टर ने एप्रोच रोड एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर निर्माण में उपयोग किए जा रहे फिलर मटेरियल की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आरओबी क्षेत्र में प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में वर्षा के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और आवागमन प्रभावित न हो।
पिलरों को दें आकर्षक स्वरूप, शहर की पहचान बने आरओबी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आरओबी के पिलरों के स्वरूप पर भी सुझाव देते हुए कहा कि यदि तकनीकी रूप से संभव हो तो इन पर सौंदर्यपरक एवं आकर्षक डिजाइन विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक अधोसंरचना केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि शहर की सुंदरता और पहचान को भी नया आयाम देने का माध्यम बननी चाहिए।
उल्लेखनीय हैं कि गुना अशोक नगर ईसागढ़ मार्ग पर पंचमुखी मंदिर के पास किमी 3+560 पर रेलवे ब्रिज का निर्माण कार्य MPRDC विभाग द्वारा किया जा रहा है जिसकी लागत 30.42 करोड है। जिसका वर्तमान में 38.3% कार्य हो चुका है एवं जल्द ही इसका पूर्ण निर्माण शीघ्र ही किया जाएगा। इसी प्रकार गुना अशोक नगर ईसागढ़ मार्ग पर मावन के पास किमी 8+800 पर रेलवे ब्रिज का निर्माण कार्य 20.64 करोड लागत से किया जा रहा है। जिसका वर्तमान में 34.7% कार्य हो चुका है एवं जल्द ही इसका पूर्ण निर्माण कर लिया जावेगा।
दोनों ब्रिजों के निर्माण कार्य पूर्ण होने पर गुना से अशोकनगर जाने वाले सभी भारी वाहनों को आवाजाही में आसानी होगी एवं यातायात सुगम होगा एवं स्पाइस पार्क एवं सीमेंट फैक्ट्री में भी यातायात को आने जाने में सुविधा मिलेगी।
