कलेक्टर ने सकतपुर स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी का किया निरीक्षण
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा ठोस अपशिष्ट नियम 2026 को सुदृण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सोमवार शाम को नगर पालिका गुना की सकतपुर स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) का निरीक्षण कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लिगेसी वैस्ट साइट,कंपोस्टिंग प्लांट, वैस्ट टू कम्पोस्ट एरिया, डंपिंग एरिया, कचरे के पृथक्करण (सेग्रिगेशन) की प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि डंप साइट पर प्रथम दृष्टया बड़े स्तर पर लीगेसी वेस्ट (पुराना कचरा) दिखाई नहीं दिया, लेकिन हाल ही में प्राप्त ताजा कचरे का पर्याप्त मात्रा में संग्रह पाया गया। उन्होंने मटेरियल के पृथक्करण की प्रक्रिया, विभिन्न प्रकार के अपशिष्टों के बंडलों तथा कंपोस्ट निर्माण की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने कहा कि गुना में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं वैज्ञानिक बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए अन्य स्थानों की सफल व्यवस्थाओं का अध्ययन कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रबंधन प्रणाली विकसित की जा सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी में कचरा बीनने वाले श्रमिकों के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है तथा उनके संचालन के लिए ठेकेदार की व्यवस्था भी की गई है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि मटेरियल रिकवरी एवं अपशिष्ट प्रसंस्करण की क्षमता को बढ़ाने के लिए शीघ्र ही विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में कचरे के वैज्ञानिक एवं अंतिम निपटान की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही नगर क्षेत्र में स्रोत स्तर (सोर्स लेवल) पर ही गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण (सोर्स सेग्रिगेशन) की व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएंगे, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली अधिक प्रभावी एवं पर्यावरण अनुकूल बन सके।
निरीक्षण के दौरान पीओ डूडा श्री तेज सिंह यादव, सिटी मिशन मैनेजर श्री शिवम् द्विवेदी, उपयंत्री नगर पालिका सहित अन्य संबंधित स्टाफ उपस्थित रहा।
