Type Here to Get Search Results !

पारधी समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार पर प्रशासन का विशेष जोर

 पारधी समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार पर प्रशासन का विशेष जोर


अपराध छोड़ विकास की राह अपनाने का आह्वान, नई दिशा समिति के माध्यम से समाज की भागीदारी बढ़ाने की पहल



गुना 


पारधी समाज की समस्याओं के समाधान, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से हड्डी क्षेत्र के जगनपुर चक में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने समाज के लोगों से संवाद कर उन्हें अपराध की राह छोड़कर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से बेहतर भविष्य बनाने का संदेश दिया। इस दौरान प्रशासन द्वारा समाज के बच्चों की शिक्षा, आईटीआई में प्रशिक्षण, रोजगार मेलों एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी गई।


अपराध नहीं, विकास की राह चुनें : कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि समाज के सामने दो रास्ते हैं, एक अपराध की दुनिया और दूसरा विकास की दुनिया। यदि आगे बढ़ना है तो शिक्षा को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन पारधी समाज के बच्चों को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने बताया कि समाज के विद्यार्थियों की प्रारंभिक सूची तैयार की गई है, जिसमें आठवीं, दसवीं, ग्यारहवीं एवं बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों का विवरण शामिल है। इस सूची को और अद्यतन करते हुए स्नातक एवं उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं का विवरण भी जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें आगे की योजनाओं से जोड़ा जा सके। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने आईटीआई अधिकारियों का परिचय कराते हुए कहा कि युवा विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण लेकर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में गेल एवं एनएफएल के भ्रमण के दौरान भी स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी कौशल प्रशिक्षण के लिए आगे आना चाहिए। इस दौरान बताया गया कि आईटीआई में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। उन्होंने रोजगार विभाग के अधिकारियों से भी समाज के लोगों का परिचय कराया और बताया कि प्रत्येक माह आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में विभिन्न कंपनियां भर्ती करती हैं। साथ ही स्वरोजगार के लिए ऋण योजनाओं का भी लाभ लिया जा सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि 22 जुलाई को आईटीआई राघौगढ़ में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।


समाज की भागीदारी से ही अपराध पर लगेगी रोक : पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल


पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि चौपाल का उद्देश्य समाज को विश्वास में लेकर अपराध की रोकथाम करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज पूरी तरह अच्छा या बुरा नहीं होता, लेकिन कुछ लोगों की गलत गतिविधियों से पूरे समाज की छवि प्रभावित होती है। इसलिए समाज के जिम्मेदार लोगों को आगे आकर गलत कार्यों को रोकने में पुलिस का सहयोग करना चाहिए।  उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से "नई दिशा समिति" का गठन किया गया है, जिसमें ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जिन पर कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि जब बाहरी टीम ने समिति के सदस्यों को भी साथ ले जाने की बात कही तो पुलिस ने स्पष्ट किया कि ये लोग अपराध से जुड़े नहीं हैं और समाज में सकारात्मक भूमिका निभा रहे हैं।


पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि माताएं अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों को अपराध से दूर रखेंगी तो समाज में अपराध स्वतः कम होंगे। उन्होंने बच्चों को नियमित शिक्षा दिलाने और उन्हें बेहतर नागरिक बनाने पर जोर दिया।


चौपाल में विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी। चौपाल में एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडेय सहित शिक्षा, आईटीआई, रोजगार विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पारधी समाज के लोग उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.