छग में पूर्णतः डिजिटल एफआईआर प्रणाली लागू करने वाला प्रथम जिला बना दुर्ग
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेश के थानों को प्रदाय किये गये E-Pen के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षर (E-Sign) प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन दुर्ग जिले में किया जा रहा है। वर्तमान में दुर्ग जिले के सभी विवेचक शत-प्रतिशत ई-साइन के माध्यम से प्रथम सूचना पत्र (FIR) की प्रक्रिया संपादित कर रहे हैं। इसी क्रम में थाना भिलाई नगर में प्रार्थी का ई-साइन भी सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इसके साथ ही दुर्ग (छत्तीसगढ़ का) प्रथम जिला बन गया है , जहाँ विवेचक एवं प्रार्थी दोनों के डिजिटल हस्ताक्षर (E-Sign) के माध्यम से पूर्णतः डिजिटल एफआईआर प्रक्रिया लागू कर दी गई है। यह व्यवस्था एफआईआर पंजीयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी , सुरक्षित , समयबद्ध एवं पेपरलेस बनाने के साथ-साथ डिजिटल अभिलेखों के प्रभावी संधारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। यह पहल नागरिकों को आधुनिक , तकनीक-आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवायें उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वहीं जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग पुलिस आधुनिक तकनीक के माध्यम से पारदर्शी , प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित पुलिस सेवायें उपलब्ध कराने के लिये निरंतर नवाचार एवं डिजिटल प्रणालियों के विस्तार हेतु प्रतिबद्ध है।
