Type Here to Get Search Results !

संभागीय आयुक्त ने शासन की प्राथमिक योजनाओं की प्रगति की ली समीक्षा

 संभागीय आयुक्त ने शासन की प्राथमिक योजनाओं की प्रगति की ली समीक्षा


सीएम हेल्पलाइन, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार, पेयजल और विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश



गुना, 


संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस एवं शासन की प्राथमिकता वाले बिंदुओं की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा में प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। बैठक में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


कृषि से लेकर कानून व्यवस्था तक सभी प्रमुख विभागों की गहन समीक्षा


बैठक में संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने कृषि, स्वास्थ्य एवं पोषण, रोजगार, उद्योग एवं निवेश, नगरीय विकास, सुशासन, शिक्षा, ग्रामीण विकास, जनजातीय कार्य तथा कानून व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों की विभागवार प्रस्तुति के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक विभाग शासन की प्राथमिक योजनाओं के क्रियान्वयन में परिणाममूलक कार्य सुनिश्चित करे तथा निर्धारित लक्ष्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।


सीएम हेल्पलाइन और पेयजल शिकायतों पर विशेष फोकस


संभागीय आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। विशेष रूप से पेयजल संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि नल-जल योजनाओं की लगातार निगरानी की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


डेंगू नियंत्रण के लिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश


स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संभागीय आयुक्त ने एंटी वेनम एवं एंटी रेबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम डेंगू के प्रसार के लिए अनुकूल है, इसलिए नगर पालिका एवं मलेरिया विभाग संयुक्त रूप से प्रभावी अभियान चलाएं। शासकीय एवं निजी अस्पतालों, संस्थानों, कूलरों, गमलों तथा अन्य स्थानों पर पानी का जमाव नहीं होने दिया जाए और नियमित निरीक्षण किया जाए।


जिला अस्पताल बनेगा पेपरलेस


बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिला अस्पताल को पायलट प्रोजेक्ट के तहत पेपरलेस बनाया जा रहा है। इसके लिए चिकित्सकों एवं संबंधित कर्मचारियों को टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उपचार एवं रिकॉर्ड प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और डिजिटल होगी।


ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर


ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक संयोजन तथा अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिस अवधि में ग्रामीण मजदूर रोजगार की तलाश में बाहर जाते हैं, उस समय उन्हें स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराया जाए ताकि पलायन की स्थिति न बने।


शहरी विकास योजनाओं की प्रगति पर भी नजर


नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), अमृत मिशन 2.0, स्वच्छ भारत मिशन तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सहित अन्य योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। उन्होंने सभी परियोजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन योजनाओं की भी समीक्षा


कृषि विभाग की समीक्षा में ई-विकास, उर्वरक एवं बीज उपलब्धता, प्राकृतिक खेती तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। वहीं उद्यानिकी विभाग की पीएमएफएमई योजना तथा पशुपालन विभाग की डॉ. भीमराव अम्‍बेडकर कामधेनु योजना, क्षीर धारा योजना, गौशालाओं की स्थिति एवं पशुओं के टीकाकरण कार्यक्रम की भी विस्तार से समीक्षा की गई।


लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश


बैठक के अंत में संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की अलग से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को शासन की योजनाओं और सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.