प्रधानमंत्री आवास समीक्षा के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने पोर्टल पर समझी प्रक्रिया
संबंधितों को जारी किए कारण बताओ सूचना पत्र
गुना
जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे द्वारा आज जिला पंचायत सभागार, गुना में समस्त जनपदों में स्वीकृत प्रधानमंत्री जनमन आवास, आवास प्लस सहित पूर्व वर्षों में स्वीकृत आवासों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास पोर्टल पर जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत एवं हितग्राहीवार समीक्षा की गई। इसमें हितग्राहियों के आवास स्वीकृत होने के बाद जियो टैग फोटो अपलोड करने, प्रथम किश्त जारी होने, द्वितीय किश्त हेतु जियो टैग किए जाने, द्वितीय किश्त जारी होने, तृतीय किश्त हेतु जियो टैग, मस्टर जारी होने एवं किश्त जारी करने की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान प्रत्येक चरण के बीच हुए विलंब (गैप) को समझा गया तथा किश्त जारी होने में हुई देरी के कारणों की भी जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने आवास निर्माण में विलंब पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर जियो टैग करने, किश्त जारी कराने तथा सभी स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला समन्वयक (आवास) श्री शिवम दीक्षित को भी निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन पोर्टल पर रेंडम रूप से कम से कम दो प्रकरणों की समीक्षा कर उनका निराकरण सुनिश्चित करें तथा इसकी जानकारी जिला पंचायत सीईओ को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर संबंधितों से विलंब के कारणों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
समीक्षा के दौरान विभिन्न हितग्राहियों के वर्क कोड समय पर जारी नहीं करने तथा किश्त जारी करने में विलंब पाए जाने पर सभी जनपदों के ब्लॉक समन्वयकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए। साथ ही संबंधित जनपद सीईओ के संबंध में भी वरिष्ठ कार्यालय को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, सीईओ जनपद पंचायत चाचौड़ा श्री संजीत श्रीवास्तव, सीईओ जनपद पंचायत राघौगढ़ श्री गौरीशंकर राजपूत, स्थापना शाखा से श्री सुरेंद्र संघवी, लेखाधिकारी मनरेगा श्री रविंद्र अग्रवाल, जिला समन्वयक (आवास ग्रामीण) श्री शिवम दीक्षित, निज सहायक श्री राजकुमार प्रजापति, डीसी श्री संदीप मेहरा (आरजीएसए), उपयंत्री एवं सभी जनपदों के ब्लॉक समन्वयक (आवास) उपस्थित रहे।
