टीसीसी केंद्र पहुँचीं डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी, तंबाकू छोड़ने वालों की सफलता की सराहना
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय गुना स्थित तंबाकू परामर्श एवं उपचार केंद्र (TCC) का डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध तंबाकू त्याग परामर्श सेवाओं, उपचार सुविधाओं एवं निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी (NRT) की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी ने तंबाकू छोड़ चुके हितग्राहियों की प्रगति की जानकारी ली तथा उनकी सफलता की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक तंबाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों को टीसीसी केंद्र से जोड़कर उन्हें तंबाकू की लत से मुक्त कराने के लिए जनजागरूकता एवं परामर्श गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाए।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी श्रीमती विनीता सोनी ने बताया कि जून माह में टीसीसी केंद्र पर 94 लोगों ने निःशुल्क तंबाकू त्याग परामर्श प्राप्त किया, जिनमें से 27 लोगों ने सफलतापूर्वक तंबाकू का सेवन छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र पर तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को विशेषज्ञ परामर्श के साथ आवश्यकतानुसार निःशुल्क निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी (NRT) भी उपलब्ध कराई जाती है।
इस अवसर पर टीसीसी प्रभारी डॉ. अरुण प्रकाश धाकड़ ने डिप्टी कलेक्टर को केंद्र की कार्यप्रणाली, तंबाकू त्याग उपचार प्रक्रिया, उपलब्ध दवाओं एवं निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।
