कमजोर वर्गों के अधिकारों के प्रति जागरूकता हेतु गुना पुलिस का सशक्त अभियान
*अजाक थाना पुलिस द्वारा बजरंगगढ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ला गिर्द में जनचेतना शिविर का आयोजन*
*कानून, साइबर अपराध एवं नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों के संरक्षण एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं । इसी क्रम में विशेष पुलिस थाना अजाक प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. आर्य द्वारा अपने स्टॉफ सहित बजरंगगढ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ला गिर्द में अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लोगों के बीच जनचेतना शिविर का आयोजन किया गया ।
इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक आर्य द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को सेफ क्लिक अभियान के अंतर्गत साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई । उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने के खतरे, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की तत्काल सूचना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाने में देने के लिए प्रेरित किया गया ।
शिविर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, पीड़ितों को शासन द्वारा प्रदत्त राहत राशि एवं कानूनी सहायता संबंधी प्रावधानों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें ।
इसके साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में समझाते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है । सभी से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया ।
इस जनचेतना शिविर के माध्यम से पुलिस द्वारा समाज के कमजोर वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई ।
