अवैध खनिज परिवहन एवं भंडारण पर जिला प्रशासन की लगातार कार्रवाई
एम-सैंड के अवैध परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने तहसील राघौगढ़ एवं मकसूदनगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत जामनेर एवं विजयपुर में औचक निरीक्षण कर अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान एम-सैंड का अवैध परिवहन एवं भंडारण करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। दोनों वाहनों को जब्त कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली थाना जामनेर तथा दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली थाना विजयपुर की अभिरक्षा में रखवाई गई है। प्रकरण तैयार कर मध्यप्रदेश गौण खनिज नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
खनिज अधिकारी श्री सचिन वर्मा ने खनिज का भंडारण एवं विक्रय करने वाले व्यापारियों से भी अपील की है कि वे खनिज के क्रय-विक्रय एवं भंडारण संबंधी समस्त वैधानिक अनुमति एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत ही व्यापार करें। अन्यथा मध्यप्रदेश गौण खनिज नियमों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए संबंधित व्यापारी स्वयं उत्तरदायी होंगे।
उक्त कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय कुमार चक्रवर्ती सहित खनिज विभाग का अन्य अमला उपस्थित रहा।
