पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने रात्रि में बजरंगगढ थाने का किया औचक निरीक्षण
*थाना व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया विस्तृत जायजा, लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
*जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश*
जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने दिनांक 22-23 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि में बजरंगगढ़ थाने का औचक निरीक्षण किया । रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली का बारीकी से परीक्षण किया ।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने थाना अभिलेखों का अवलोकन कर उनके संधारण एवं अद्यतन स्थिति की जांच की । साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया । उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
श्रीमती वासल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक एवं मानवीय व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए । उन्होंने कहा कि जनसुनवाई पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और आमजन का विश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ कार्यवाही की जाए ।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की सतत निगरानी, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाए रखने, सक्रिय अपराधियों पर सतत निगरानी रखने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए । उन्होंने पुलिस कर्मियों से अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग के माध्यम से आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया ।
गुना पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थानों का इसी प्रकार औचक निरीक्षण निरंतर किया जाएगा, जिससे पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बन सके तथा आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध होती रहें ।
