राजीव गांधी पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी की प्रतिमा स्थापना की मांग को मिला पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का समर्थन।
पूर्व मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लिखा पत्र।
सागर / नरयावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सदर कैंट स्थित राजीव गांधी पार्क में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं स्व. राजीव गांधी प्रतिमा स्थापना आंदोलन समिति के संयोजक सुरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन को नया बल मिला है।इस आन्दोलन के समर्थन में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारत सरकार के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखा है।उन्होंने पत्र क्रमांक 08/ 621 दिनाँक 10 जून 2026 केमाध्यम से भारत सरकार से राजीव गांधी पार्क में स्वर्गीय राजीव गांधी जी की प्रतिमा स्थापित कराए जाने हेतु आवश्यक पहल करने का आग्रह किया हैं साथ ही उन्होंने अनुरोध किया कि इस विषय में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान कर राजीव गांधी पार्क में स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी की प्रतिमा स्थापना हेतु उचित एवं शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने इस पहल के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी जी ने आधुनिक भारत के निर्माण,सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति, पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा युवाओं को नई दिशा देने में ऐतिहासिक योगदान दिया। सदर कैंट स्थित राजीव गांधी पार्क में उनकी प्रतिमा की स्थापना न केवल उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का सम्मान होगी,बल्कि नई पीढ़ी को उनके विचारों,दूरदर्शी नेतृत्व और विकास के संकल्प से प्रेरणा भी मिलेगी।
