खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार वाहन जब्त
दो ट्रकों में रॉयल्टी से अधिक खनिज मिला, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना रॉयल्टी के पकड़ी गईं
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल चार वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग द्वारा विगत दिवस गुना शहरी क्षेत्र में किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान दो ट्रकों में उत्तर प्रदेश की रॉयल्टी के आधार पर खनिज का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान दोनों वाहनों में उपलब्ध खनिज की मात्रा का सत्यापन किया गया, जिसमें रॉयल्टी में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज का परिवहन पाया गया। प्रथम दृष्टया यह खनिज नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों ट्रकों को नियमानुसार जब्त कर कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया तथा प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
इसी प्रकार आज राघौगढ़ एवं विजयपुर के मध्य नेशनल हाईवे पर निरीक्षण के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना वैध रॉयल्टी के गिट्टी का परिवहन करते हुए पकड़ी गईं। दोनों वाहनों को जब्त कर थाना विजयपुर परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
खनिज अधिकारी श्री सचिन वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध खनिज परिवहन, रॉयल्टी के दुरुपयोग तथा खनिज नियमों के उल्लंघन पर विभाग की लगातार निगरानी बनी हुई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उक्त कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय चक्रवर्ती सहित खनिज विभाग का अन्य अमला उपस्थित रहा।
