कलेक्टर ने चांचौड़ा में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय का किया निरीक्षण
दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बुधवार को चांचौड़ा में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग 27.40 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना की 72 प्रतिशत भौतिक प्रगति पूर्ण हो चुकी है। भवन के चारों ब्लॉक (ए, बी, सी एवं डी) का स्ट्रक्चर कार्य पूर्ण हो गया है तथा फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए शेष कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार दिसंबर 2026 तक विद्यालय भवन का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने निर्माणाधीन एसडीएम कार्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया तथा परिसर में जामुन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
