*फरार पारदी बदमाशों के विरुद्ध गुना पुलिस का विशेष अभियान सतत जारी*
केंट थाना पुलिस की उपलब्धि, अलग-अलग प्रकरणों में फरार दो स्थाई वारंटी किये गिरफ्तार
*एक ओर अपराधियों पर सख्त शिकंजा, दूसरी ओर 'नई दिशा' अभियान से पारदी समुदाय के उत्थान की प्रभावी पहल*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रभावी निर्वहन कर रही है । इसी उद्देश्य से पारदी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए "नई दिशा" अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से समुदाय के पात्र परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । वहीं दूसरी ओर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त, न्यायालयीन कार्यवाही से फरार एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा रही है ।
इसी क्रम में गत दिनांक 11 जुलाई 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा अलग-अलग दो प्रकरणों में लंबे समय से फरार दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की ।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में आरोपी केदार पारदी निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा के केंट थानांतर्गत अवैध हथियार के साथ पकड़े जाने पर उसके विरूद्ध केंट थाने में अपराध धारा 25(2) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था ।
इसी प्रकार वर्ष 2005 में धरनावदा थाना पुलिस द्वारा आरोपी बबलू पारदी निवासी ग्राम बीलाखेड़ी को उसके अन्य साथियों सहित डकैती की योजना बनाते गिरफ्तार किया गया था, जिस पर से धरनावदा थाने में अप.क्र. 444/05 धारा 399, 400, 402 भादवि एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था ।
उपरोक्त दोंनो ही प्रकरणों में आरोपियों के न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार रहने पर माननीय न्यायालय गुना से न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक क्रमश: 85/20 एवं 45/06 में दोंनों के विरूद्ध अलग-अलग स्थाई वारंट जारी किए गए थे । पुलिस द्वारा वारंटी केदार पारदी एवं बबलू पारदी की निरंतरता से तलाश की जा रही थी, जिनकी तलाश के क्रम में गत दिनांक 11 जुलाई 2026 को केंट थाना पुलिस द्वारा मुखबिर की अलग-अलग सूचनाओं पर तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाहियां करते हुए दोंनो ही प्रकरणों में लंबे समय से फरार दोंनो वारंटी 1-केदार पुत्र बापू पारदी उम्र 40 साल निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा जिला गुना एव 2-बबलू पुत्र श्यामलाल पारदी उम्र 50 साल निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा जिला गुना को गिरफ्तार कर दोंनो को माननीय न्यायालय पेश किया गया ।
पुलिस की इस कार्यवाही में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, साइबर सेल प्रभारी सउनि महेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अजेन्द्र सिंह पाल, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक नवदीप अग्रवाल एवं आरक्षक रामनिवास शर्मा की विशेष भूमिका रही है ।
