Type Here to Get Search Results !

गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय गुना में ध्यान, योगाभ्यास एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन

 गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय गुना में ध्यान, योगाभ्यास एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन


गुना 

मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी गुना के मार्गदर्शन में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज सांदीपनि विद्यालय गुना में ध्यान, योगाभ्यास एवं स्वच्छता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री कृष्ण योगेंद्र रघुवंशी एवं विशिष्ट अतिथि श्री बाबूलाल यादव ने विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने में सहायक है, बल्कि इससे विद्यार्थियों की एकाग्रता, स्मरण शक्ति, मानसिक शांति एवं अध्ययन क्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए भोजन से संबंधित अच्छी आदतें विकसित करने, समय पर सोने एवं प्रातः समय पर जागने तथा नियमित रूप से योग और ध्यान करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों के महत्व की जानकारी देते हुए विशेष रूप से ताड़ासन एवं वृक्षासन जैसे अभ्यासों के माध्यम से शारीरिक संतुलन, मानसिक एकाग्रता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय बताए। 

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हाथ धोने की सही एवं वैज्ञानिक विधि का प्रदर्शन कर जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित रूप से हाथ धोना एवं व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना अनेक संक्रामक बीमारियों से बचाव का सरल एवं प्रभावी उपाय है। 

विद्यालय के प्राचार्य श्री आशीष टांटिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर हम अनेक बीमारियों से स्वयं को सुरक्षित रख सकते हैं। स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन के साथ विद्यार्थी बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई एवं अध्ययन पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास एवं ध्यान की गतिविधियों में भाग लिया। गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय मॉडल गुना में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों में विद्यार्थी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पखवाड़े के आगामी कार्यक्रमों में करियर काउंसलिंग, गुरुओं का सम्मान सहित अन्य विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.