मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही
*मात्र 48 घंटे के भीतर ही बालिका को विदिशा जिले के गंजबासौदा से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजन से मिलाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिग बालक-बालिकाओं के अपहरण एवं गुमशुदगी से संबंधित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लेते हुए उनकी शीघ्र दस्तयाबी के लिए निरंतर प्रभावी एवं परिणाममुखी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी मुख्यालय एवं प्रभारी एसडीओपी श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी के पर्यवेक्षण में मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में तत्परता से कार्यवाही करते हुए मात्र 48 घंटे के भीतर ही बालिका को विदिशा जिले के गंज बासौदा से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों से मिलाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 01 जुलाई 2026 को एक पिता द्वारा अपनी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के 01 जुलाई 2026 की रात्रि से लापता होने की सूचना मधुसूदनगढ़ थाने में दर्ज कराई गई थी । शिकायत के आधार पर मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 99/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालिका की खोजबीन शुरू की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा सक्रियता दिखाते हुए अपहृत बालिका की तलाश हेतु अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया । साथ ही विभिन्न तकनीकी संसाधनों एवं अन्य माध्यमों से बालिका को खोजने के व्यापक प्रयास किए । इसमें पुलिस के लगातार सूचना संकलन एवं संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन के परिणामस्वरूप रिपोर्ट के 48 घंटे के भीतर ही आज दिनांक 03 जुलाई 2026 को बालिका के विदिशा जिले के गंजबासौदा में होने की जानकारी मिलने पर मधुसूदनगढ थाना पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए अंतत: अपहृत नाबालिग बालिका को गंजबासौदा से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया एवं विधिवत कानूनी प्रक्रिया उपरांत उसे परिजनों मिला दिया है ।
मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस की इस तत्पर एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल चौबे, सउनि अजय सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक संदीप कुमार, आरक्षक विनीत मौर्य एवं महिला आरक्षक रीना राजपूत की विशेष भूमिका रही है ।
