महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में गुना पुलिस अधीक्षक की सराहनीय पहल
*पुलिस लाइन गुना में आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर*
*स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राजपूत ने महिला स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण कर दिया उचित परामर्श*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा अपने महिला पुलिस फोर्स एवं पुलिस परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आज रविवार को पुलिस लाइन गुना परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन कराया गया । इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ एवं सशक्त परिवार के निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल करना रहा ।
शिविर में प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राजपूत द्वारा महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत परामर्श प्रदान किया गया । इस दौरान स्त्री रोग संबंधी विभिन्न समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए गए ।
कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ प्राप्त किया । शिविर के दौरान महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य तथा समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण कराने के लिए भी प्रेरित किया गया ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती स्मृति दोहरे, कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक श्री विकास उपाध्याय आदि सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे । सभी अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को उनके लिए अत्यंत उपयोगी एवं आवश्यक बताया ।
गुना पुलिस द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य परामर्श शिविर महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पुलिस परिवार के समग्र कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ । गुना पुलिस भविष्य में भी पुलिस परिवार के हित एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी ।
