सामूहिक विवाह में ग्यारह जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में आज नगर पालिका जांजगीर-चांपा के सांस्कृतिक भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में भव्य सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस मांगलिक कार्यक्रम में जांजगीर एवं नवागढ़ परियोजना के कुल ग्यारह जोड़े पूरे विधि-विधान और रीति-रिवाज के साथ परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि , गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों को अक्षत और पुष्प वर्षा कर अपना आशीर्वाद प्रदान किया तथा उनके सुखद , समृद्ध एवं उज्ज्वल दाम्पत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने शासन की कल्याणकारी योजना के तहत सभी नवदंपतियों को उपहार सामग्री भेंट किये। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता , फिजूलखर्ची रोकने और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग का एक बेहतरीन माध्यम है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और बंधुत्व की भावना बलवती होती है। आयोजन के अंत में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभी अतिथियों , जनप्रतिनिधियों , वर-वधू पक्ष के परिजनों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम उत्साह , उल्लास और मंगलमय माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सभी आंगतुकों , वर वधु एवं परिजनों हेतु स्वल्पाहार और भोजन की व्यवस्था की गयी थी। सामूहिक विवाह समारोह को अपना गरिमामय सानिध्य प्रदान करने हेतु मुख्य रूप से श्रीमती रेखा गढ़ेवाल अध्यक्ष नगर पालिका जांजगीर-चांपा , कई जिला पंचायत सदस्य , पार्षदगण सहित श्रीमती अनिता अग्रवाल जिला कार्यक्रम अधिकारी , श्रीमती अणिमा मिश्रा परियोजना अधिकारी , पंकज शुक्ला परियोजना अधिकारी नवागढ़ एवं संबंधित पर्यवेक्षक , आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वर वधु के परिजन उपस्थित थे।
