बजरंगगढ़ बायपास पर गुना यातायात पुलिस का विशेष अभियान
*ड्रिंक एंड ड्राइव की सघन जांच, भारी वाहनों के चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच*
*जगत तिराहा पर अवैध पार्किंग करने वाले चार पहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर की गई चालानी कार्यवाही*
गुना पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है । इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह द्वारा आज यातायात पुलिस बल के साथ बजरंगगढ़ बायपास रोड पर ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया गया ।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व बजरंगगढ़ बायपास मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों से हुई 2-3 गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के बाद जनसुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा इस मार्ग पर प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध (नो-एंट्री) लागू किया गया था । बाद में व्यापारियों एवं परिवहन व्यवसायियों की व्यावहारिक आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए उक्त व्यवस्था में आंशिक संशोधन किया गया तथा प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति प्रदान की गई ।
इसी व्यवस्था के तहत आज दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे के बीच शहर में प्रवेश करने वाले लगभग 15 से 20 ट्रक एवं अन्य भारी मालवाहक वाहनों के चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से सघन जांच की गई । अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कोई भी चालक शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में वाहन चलाकर शहर में प्रवेश न करे । जांच के दौरान सभी चालकों की रिपोर्ट सामान्य पाई गई तथा कोई भी चालक नशे की अवस्था में वाहन चलाते हुए नहीं मिला ।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु जगत तिराहा के आसपास सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े चार पहिया वाहनों के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई । नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर व्हील लॉक लगाए गए तथा बाद में मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालानी कार्यवाही करते हुए वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें । आपकी सतर्कता एवं नियमों के प्रति जिम्मेदारी ही सुरक्षित, सुगम एवं दुर्घटना-मुक्त यातायात व्यवस्था का आधार है ।
