अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध राघौगढ थाना पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही
*आरोपी से हाथ भट्टी की बनी 60 लीटर कच्ची शराब सहित तस्करी में प्रयुक्त मोटर सायकिल जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, कारोबारियों, तस्करों आदि के विरूद्ध सतत और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमति दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में राघौगढ थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह जाट एवं उनकी टीम द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए बाईक पर कच्ची शराब सहित तस्कर को गिरफ्तार किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 27-28 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि में थाना राघौगढ़ पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल पर दो कैनों में अवैध हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची शराब लेकर उसे विक्रय करने के उद्देश्य से नांदनेर-धीरपुर मैदान मार्ग से राघौगढ़ की ओर आने वाला है । सूचना प्राप्त होते ही थाना राघौगढ़ पुलिस द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए भैरोबाबा मंदिर के समीप घेराबंदी की गई । जहां कुछ ही देर बाद संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया । पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक पुत्र विमल मोगिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी कटरा मोहल्ला, राघौगढ़, जिला गुना बताया । आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल पर बंधी दोनों कैनों को चैक करने पर उनमें हाथ भट्टी से निर्मित कुल 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध शराब कीती 06 हजार रुपये एवं घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल कीमती 55 हजार रुपये सहित कुल 61 हजार रुपये का मशरूका विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया एवं जिसके विरुद्ध थाना राघौगढ़ में अपराध क्रमांक 204/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
अवैध शराब के विरुद्ध राघौगढ थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह जाट, कमल सिंह मीना, प्रधान आरक्षक बलभद्र सिंह चौहान, आरक्षक धीरेन्द्र गुर्जर, आरक्षक अमित जाट, आरक्षक धर्मेन्द्र रावत एवं आरक्षक मनोज कुशवाह की सराहनीय भूमिका रही है ।
