*फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए गुना पुलिस का सतत एवं प्रभावी अभियान*
चांचौड़ा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 06 वर्ष पुराने प्रकरण में फरार स्थायी वारंटी को किया गिरफ्तार
*आरोपी के विरुद्ध हत्या का प्रयास, डकैती की तैयारी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट एवं सट्टा सहित 08 अपराध दर्ज*
*एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य प्रकरण में न्यायालय से 05 वर्ष के कारावास से हो चुका है दंडित*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में फरार आरोपियों तथा माननीय न्यायालयों से जारी वारंटों में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन, प्रभारी एसडीओपी चांचौड़ा श्री ओ.पी. आर्य के पर्यवेक्षण एवं चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी और उनकी टीम ने एनडीपीएस एक्ट के 06 वर्ष पुराने प्रकरण में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है ।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में आरोपी राजू पुत्र छोटेलाल कुशवाह निवासी घोसी मोहल्ला बीनागंज थाना चांचौड़ा को पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 09/20 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था । उक्त प्रकरण में आरोपी राजू कुशवाह न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते माननीय न्यायालय द्वारा उसकी गिरफ्तारी हेतु न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 04/20 में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था ।
चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा उक्त स्थायी वारंटी की लगातार तलाश की जा रही थी । इसी क्रम में आज दिनांक 12 अगस्त 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी राजू पुत्र छोटेलाल कुशवाह उम्र 37 साल निवासी घोसी मोहल्ला बीनागंज थाना चांचौड़ा जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।
गिरफ्तार आरोपी राजू कुशवाह के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में उसके विरुद्ध चांचौड़ा थाने में हत्या का प्रयास, डकैती की तैयारी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट एवं सट्टा सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 08 अपराध दर्ज पाए गए हैं । पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा 05 वर्ष के कारावास से दंडित किया जा चुका है ।
पुलिस की इस सफल कार्यवाही में चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि ताराचंद सगर, आरक्षक शिवप्रताप, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अजय समाधिया एवं आरक्षक नवदीप शर्मा का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि न्यायालयीन कार्यवाही से फरार वारंटियों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बदमाशों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ।
