हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली का आयोजन
*राष्ट्रभक्ति के उत्साह से गूंजा पुलिस लाइन, पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश*
मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार दिनांक 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आयोजित किया जा रहा है । अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हुए प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है ।
इसी क्रम में गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन में आज गुना पुलिस लाइन में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया । रैली का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक गुना श्रीमती पूजा उपाध्याय द्वारा किया गया ।
रैली में पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस जवानों सहित एनसीसी केडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया । तिरंगे के साथ निकली रैली ने नागरिकों में देशप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को जागृत करते हुए अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया ।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की । रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि तिरंगा केवल हमारी आन-बान-शान का प्रतीक ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक भी है ।
गुना पुलिस द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के माध्यम से जिलेवासियों से राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अभियान में सहभागी बनने की अपील की गई ।
