जनसुनवाई में 198 आवेदनों पर सुनवाई, राजस्व–पंचायत की संयुक्त व्यवस्था रही प्रभावी
गुना
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 198 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में राजस्व अधिकारियों एवं पंचायत विभाग की पूरी टीम को संयुक्त रूप से बैठाया गया, ताकि दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके।
रेडक्रॉस सोसायटी से जरूरतमंद हितग्राहियों को आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के उपरांत संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से दो जरूरतमंद हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। ग्राम बटावदा, तहसील चांचौड़ा निवासी श्री धनराज धाकड़ ने कैंसर की बीमारी से पीड़ित होने के कारण उपचार के लिए आर्थिक सहायता हेतु आवेदन दिया था। इसी प्रकार तहसील बमोरी निवासी श्री ब्रजेश प्रजापति द्वारा भी कैंसर के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की गई थी। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने दोनों हितग्राहियों के लिए रेडक्रॉस सोसायटी से 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करते हुए सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
जनसुनवाई में कलेक्टर श्री कन्याल ने बुजुर्ग को दिलाई पेंशन की जानकारी, श्रवण यंत्र भी कराए उपलब्ध
जनसुनवाई में ग्राम फाजलपुर गौरी, तहसील राघौगढ़ निवासी श्री रघुनाथ सिंह अहिरवार ने कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल को आवेदन प्रस्तुत कर वृद्धावस्था पेंशन दिलाए जाने का अनुरोध किया। कलेक्टर श्री कन्याल ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों ने बताया गया कि श्री रघुनाथ सिंह को मई 2026 तक की वृद्धावस्था पेंशन फिनो बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है तथा शेष पेंशन राशि का भुगतान शासन स्तर से शीघ्र किया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान श्री रघुनाथ सिंह ने सुनने में परेशानी होने की जानकारी भी दी। कलेक्टर श्री कन्याल ने तत्काल उन्हें श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए। श्रवण यंत्र प्राप्त होने पर श्री रघुनाथ सिंह ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डेय, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
