Type Here to Get Search Results !

गुना पुलिस की अभिनव पहल, 20 नागरिक बने ‘‘ट्रैफिक मित्र

 *पुलिस-जन सहभागिता से बेहतर होगी शहर की यातायात व्यवस्था*


गुना पुलिस की अभिनव पहल, 20 नागरिक बने ‘‘ट्रैफिक मित्र’


*VIP मूवमेंट, मेले, त्योहारों एवं विभिन्न आयोजनों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में देंगे स्वैच्छिक सहयोग*



             गुना शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गुना पुलिस द्वारा पुलिस-जन सहभागिता को बढ़ावा देते हुए अभिनव पहल की गई है । इसके तहत शहर की निजी संस्थाओं, NGOs एवं स्वयंसेवकों में से 20 नागरिकों को ‘ट्रैफिक मित्र’ के रूप में तैयार किया गया है ।


               ‘ट्रैफिक मित्रों’ को ड्यूटी के दौरान बेहतर दृश्यता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेडियम जैकेट प्रदान की गईं । साथ ही यातायात थाने में पदस्थ पुलिस जवानों को भी रेडियम जैकेट उपलब्ध कराई गईं, जिससे रात्रि एवं व्यस्त यातायात वाले क्षेत्रों में उनकी दृश्यता और सुरक्षा बेहतर हो सके ।


               इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन द्वारा सभी ट्रैफिक मित्रों का उत्साहवर्धन किया गया । अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में नागरिकों द्वारा किए जा रहे स्वैच्छिक सहयोग की सराहना करते हुए इसे पुलिस और जनता के बीच सहभागिता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया ।


               गुना पुलिस की शहर के ऐसे नागरिकों से भी अपील है, जो बिना किसी पारिश्रमिक के स्वेच्छा से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपना योगदान देना चाहते हैं । ऐसे नागरिक यातायात थाना पुलिस अथवा मोबाइल नंबर 7701046572 पर संपर्क कर ‘ट्रैफिक मित्र’ के रूप में जुड़ सकते हैं ।


                ‘ट्रैफिक मित्रों’ की सेवाएं उनकी स्वेच्छा एवं उपलब्धता के आधार पर विभिन्न अवसरों पर ली जा सकेंगी । इनमें VIP मूवमेंट, मेले, विभिन्न धर्मों के त्योहार, सामाजिक एवं अन्य सार्वजनिक आयोजन तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित परिस्थितियां शामिल हैं । इन अवसरों पर ट्रैफिक मित्र यातायात को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करेंगे ।


               गुना पुलिस की यह पहल नागरिकों को यातायात व्यवस्था का सहभागी बनाते हुए सहयोग, जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है ।


*। आइए, अपने शहर के यातायात को बेहतर, सुगम एवं सुरक्षित बनाने में भागीदार बनें ।*

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.