राघौगढ़ थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही
*अपहृता को श्योपुर जिले से सुरक्षित दस्तयाब कर, उसके अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को जेल पहुंचाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिगों पर घटित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेकर इनमें सक्रिय, संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में राघौगढ़ थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण के प्रकरण में सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए अपहृता को श्योपुर जिले से सुरक्षित दस्तयाब कर उसके अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 28 जुलाई 2026 को राघौगढ़ थाने पर एक महिला फरियादिया द्वारा अपनी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री के दिनांक 18 जुलाई 2026 से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिस पर से राघौगढ थाने में अपराध क्रमांक 205/26 धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर किशोरी की खोजबीन शुरू की गई एवं इसमें अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर अपहृता की पतारसी के भरसक प्रयास किए गए जिसके परिणाम स्वरुप अपहृता के श्योपुर जिले में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस की एक टीम श्योपुर के लिए रवाना हुई और पुलिस के लगातार और अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप गत दिनांक 24 अगस्त 2026 को अपहृता को श्योपुर से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया ।
दस्तयाबी के पश्चात पीड़िता ने अपने बयान में बताया था कि रोहित सहरिया निवासी ग्राम अगरा का उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गलत काम (दुष्कर्म) किया । इसके बाद पुलिस ने आरोपी रोहित सहरिया के विरुद्ध प्रकरण में धारा 64(2)(m) बीएनएस एवं 5(L)/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा कर दिनांक 24 अगस्त 2026 को ही आरोपी रोहित उर्फ अभिता पुत्र चम्पालाल सहरिया उम्र 18 साल निवासी ग्राम अगरा थाना म्याना जिला गुना को भी गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिवत कार्यवाही उपरांत आरोपी को आज दिनांक 25 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है ।
राघौगढ़ थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट, जंजाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रसना सिंह, सउनि घनश्याम सिंह, प्रधान आरक्षक शशि कपूर, प्रधान आरक्षक दामोदर धाकड़, धर्मेन्द्र रावत एवं महिला आरक्षक रेखा बैष्णव की विशेष भूमिका रही है ।
