आधुनिक उद्यानिकी का मॉडल बन रहा गुना, ACS गुप्ता ने देखी खेती की नई तस्वीर
Guna-
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं कृषि उत्पादन आयुक्त श्री के. सी. गुप्ता ने शनिवार को गुना जिले का भ्रमण कर आधुनिक उद्यानिकी गतिविधियों एवं विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर उन्नत तकनीक, उत्पादन, विपणन तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
भ्रमण की शुरुआत श्री नर्मदा शंकर भार्गव के फार्म से हुई। यहां उन्होंने पॉलीहाउस में की जा रही गुलाब की खेती, शेडनेट हाउस में सब्जी उत्पादन तथा अमरूद के बगीचे का निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक संरक्षित खेती के माध्यम से किए जा रहे उत्पादन की जानकारी ली।
इसके बाद ग्राम तरावटा में किसान श्री बलवीर कुशवाह के खेत पर ड्रिप एवं मल्चिंग तकनीक से की जा रही टमाटर एवं गोभी की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से खेती की लागत, उत्पादन एवं तकनीक से होने वाले लाभ के संबंध में चर्चा की।
भ्रमण के अगले चरण में विकासखंड राघोगढ़ के
ग्राम सौरामपुरा में महाराज डेयरी प्रसंस्करण इकाई
एवं उधम सिंह लोधा पीएमएफएमई योजना अंतर्गत दादी मां के मसाला प्रसंस्करण इकाई प्रकृतिक कृषि एवं (बी.आर.सी.) सेंटर का अवलोकन किया। दोनों इकाइयों में प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली गई।
अंत में विकासखंड चाचौड़ा की शासकीय पौधशाला खटकिया का निरीक्षण किया। यहां पौध उत्पादन एवं पौधशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान श्री गुप्ता ने शहतूत का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।
अपर मुख्य सचिव के इस भ्रमण के दौरान जिले में संरक्षित खेती, ड्रिप एवं मल्चिंग तकनीक, फलोद्यान, प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
