Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के शिविर में उमड़ा जनसैलाब, मौके पर हुआ समस्याओं का निराकरण

’मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के शिविर में उमड़ा जनसैलाब, मौके पर हुआ समस्याओं का निराकरण

प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने की सहभागिता, हितलाभ वितरण के साथ ग्रामीणों को दी जनभागीदारी और नशामुक्ति की सीख


गुना 

‘’मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत चांचौड़ा की ग्राम पंचायत पैंची में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। मण्‍डी  प्रांगण में आयोजित शिविर में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने सहभागिता कर आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा बड़ी संख्या में प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। बच्चों को साइकिल तथा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी प्रदान की गई। जरूरतमंदों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता दी गई।

ग्रामीणों के लिए गांव में ही समाधान का अवसर

प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांव के छोटे-छोटे कार्यों और आमजन की समस्याओं का समाधान गांव में ही हो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसी उद्देश्य से ‘’मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री जी से आग्रह किया था कि इस अभियान को लंबे समय तक चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी आपके बीच पहुंच रहे हैं। आयुष्मान कार्ड, पेंशन, राशन, राजस्व, कृषि सहित जो भी कार्य हों, उनके लिए शिविर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह शिविर आप लोगों के लिए है और हम सभी आपकी सेवा के लिए यहां बैठे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने और जहां भी शिविर आयोजित हो, वहां पहुंचकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराने का आह्वान किया।

सरकार और जनता के विश्वास से मजबूत होगा राष्ट्र

चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची ने कहा कि सरकार का विश्वास जनता के प्रति और जनता का विश्वास सरकार के प्रति होना चाहिए। शिविर में ग्रामीणों की अनेक समस्याएं सुनी गईं और कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण हुआ। उन्होंने कहा कि जब हम सभी मजबूत होंगे, तभी राष्ट्र मजबूत होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग ऐसे शिविरों में शामिल हों, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा सके।

विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित

शिविर में कृषि, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। बच्चों को साइकिल और दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। 

मौके पर आवेदन प्राप्त कर शुरू की गई निराकरण की प्रक्रिया

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए गए और बड़ी संख्या में आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें विभागवार दर्ज कर समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। प्रशासन द्वारा नागरिकों से सेवा, समर्पण और विकास के इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की गई।

नशामुक्ति का भी दिया संदेश

शिविर के दौरान आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़, भाजपा जिलाध्‍यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, पूर्व मंत्री श्री महेंद्र सिंह सिसोदिया सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम श्री अमित सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.