चाचौड़ा-बीनागंज में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
गुना
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज अनुभाग चाचौड़ा के कस्बा चाचौड़ा एवं बीनागंज में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बीनागंज के निचला बाजार स्थित रामानंद आश्रम से चाचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पैंची द्वारा किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में सहभागी देशभक्ति के भाव के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण रहा।
तिरंगा यात्रा का समापन चाचौड़ा स्थित राजगढ़ रोड पर हुआ। यहां विधायक श्रीमती प्रियंका पैंची एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा भारत माता की आरती की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी चाचौड़ा श्री अमित सोनी, तहसीलदार श्री मयंक खेमरिया, नायब तहसीलदार श्रीमती रेणु कंसलीवाल, थाना प्रभारी श्री दिलीप राजोरिया, चौकी प्रभारी श्री नीरज लोधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
