योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर नागरिकों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें - सीईओ जिला पंचायत श्री दुबे
लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में विभाग प्रमुखों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गुना
अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन एवं सीईओ जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में लंबित पत्रों, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों की समीक्षा
बैठक के प्रारंभ में आगामी दिनांक 27 अगस्त को तहसील मकसूदनगढ़ में प्रस्तावित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत श्री दुबे ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं एवं जनहितकारी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें। उन्होंने स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित ऐसे विभाग, जिनके द्वारा योजनाओं अथवा जांच से संबंधित शिविर एवं गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, उनके कार्यक्रमों एवं शेड्यूल का एक दिन पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएं पठन सामग्री
सीईओ जिला पंचायत ने विभिन्न विद्यालयों एवं आईटीआई में उपलब्ध पुस्तकों तथा अन्य पठन सामग्री का विद्यार्थियों के हित में समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सामग्री को विद्यार्थियों में वितरित कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों में उपयोग किया जाए।
पीएम जनमन के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें
उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत अप्रारंभ आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से प्रारंभ कर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की समीक्षा
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की समीक्षा करते हुए श्री दुबे ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण कर संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से प्रविष्टि दर्ज कराने के निर्देश दिए। सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ को मंगलवार को पौधरोपण तथा पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करने के साथ ही एप पर दर्ज प्रविष्टियों का स्क्रीनशॉट के माध्यम से सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।
नल-जल योजनाओं एवं विद्युत कनेक्शन की समीक्षा
बैठक में बंद पड़ी नल-जल योजनाओं तथा विद्युत विभाग से संबंधित कनेक्शन विच्छेदन के मामलों की भी समीक्षा की गई। सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नीति आयोग के कॉम्पोनेंट्स के अनुसार करें कार्यवाही
स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित नीति आयोग से संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि नीति आयोग के निर्धारित कॉम्पोनेंट्स एवं मानकों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा संबंधित योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दें।
शासकीय कार्यक्रमों में एसओपी का पालन अनिवार्य
अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन ने सभी विभाग प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान निर्धारित एसओपी का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। उन्होंने फूड सेफ्टी विभाग को खराब पाए गए सैंपलों की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही फूड सेफ्टी वैन की सेवाओं के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि आमजन इसका लाभ उठा सकें।
सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी की समीक्षा
बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन में विभागवार लंबित प्रकरणों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत ब्लॉकवार लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित शिकायतों एवं आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने तथा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त लंबित पत्रों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं आवश्यक कार्रवाई के संबंध में निर्देशित किया गया।
