राघौगढ़ में धूमधाम से मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी
राघौगढ़। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के मुबारक मौके पर राघौगढ़ में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का त्योहार बड़े उत्साह और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर की मस्जिदें आकर्षक रोशनी से जगमगाती रहीं और मुस्लिम समाज में खुशी का माहौल रहा।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर विशाल जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस की शुरुआत इस्लामी स्कूल से हुई, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हुए। कमेटी की ओर से समाजजनों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ईद मिलादुन्नबी के मौके पर ताहिर खान सदर(अध्यक्ष) मुस्लिम समाज राघौगढ़ एवं ईदमिलादुन्नबी के सदर याकूब खान राईन एवं समस्त कमेटी के सदस्यों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पालिका अधिकारियों का सम्मान किया गया। राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने मोबाइल के माध्यम से जश्ने ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं एवं मुबारकबाद दी।
जुलूस इस्लामी स्कूल से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार से होता हुआ बनवारी चौराहे पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा भी जुलूस का स्वागत किया गया। वहीं यादव महासभा के अध्यक्ष गोलू यादव एवं उनकी टीम ने भी कमेटी और समाजजनों का स्वागत एवं इस्तकबाल किया।
इसके बाद जुलूस जामा मस्जिद के पास पहुंचा और वहां से मंगल भवन, कटरा मोहल्ला होते हुए वापस इस्लामी स्कूल पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया। इस दौरान तब्रुक वितरित किया गया।
जुलूस के समापन के बाद राघौगढ़ की मस्जिदों में जलसों के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो देर रात करीब 12 बजे तक चलते रहे। कार्यक्रमों में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में नात एवं तकरीरें पेश की गईं तथा देश और समाज में अमन, चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगी गईं।
पूरे आयोजन के दौरान मुस्लिम समाज में उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

