*नशे के अवैध व्यापार पर गुना पुलिस का सतत प्रहार*
चांचौड़ा थाना पुलिस ने गांजा तस्करी करते पकड़े नशे के दो सौदागर
*50 हजार रूपये मूल्य का गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित लगभग सवा लाख का मशरूका जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के क्रय-बिक्रय, तस्करी एवं इन गतिविधयों में संलिप्त माफियाओं पर सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी एसडीओपी चांचौड़ा श्री ओ.पी. आर्य के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी करते नशे के दो सौदागर गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है ।
उल्लेखनीय है कि गत दिनांक 13 अगस्त 2026 की शाम चांचौड़ा थानांतर्गत बीनागंज पुलिस चौकी पर विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर चौड़ारेश्वर मंदिर की ओर से गोया रोड होते हुए बीनागंज की तरफ आ रहे हैं । सूचना को गंभीरता से लेते हुए बीनागंज चौकी से तत्काल पुलिस की एक टीम कार्यवाही हेतु रवाना हुई । टीम बिना विलंब के तुरंत गोया रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची और संदिग्धों के आने का इंतजार किया । कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए की मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई देने पर पुलिस टीम ने तत्परता एवं सूझबूझ से घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया । दोनों ने पूछताछ में अपने नाम 1. संदीप पुत्र दशरथ सिंह मीना उम्र 20 वर्ष एवं 2. पिंकू उर्फ कारू पुत्र रामबाबू मीना उम्र 21 वर्ष निवासीगण ग्राम कमलपुर डांग थाना चांचौड़ा जिला गुना के बताए एवं मुखबिर सूचना के आधार पर उनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.154 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद करीब 50,000 मूल्य का गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त करीब 70,000 कीमत की मोटरसाइकिल विधिवत जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके विरूद्ध चांचौड़ा थाने में अप.क्र. 246/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है । पुलिस द्वारा आरोपियों से मादक पदार्थ की उपलब्धता एवं तस्करी के अन्य संभावित नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है ।
नशे के विरुद्ध चांचौड़ा थाना पुलिस की इस प्रभावी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि ताराचंद सागर, प्रधान आरक्षक मंगल सिंह, आरक्षक अजय समाधिया, आरक्षक नवदीप शर्मा, आरक्षक सत्येन्द्र लोधी एवं आरक्षक अमित राजावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा । जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध पुलिस की इसी प्रकार कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।
