कलेक्टर श्री कन्याल ने खटकिया पंचायत भवन का किया निरीक्षण, ग्रामीणों से सुनी समस्याएं
हर पंचायत में हो बड़ा तालाब, सभी बच्चे जाएं स्कूल और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने चांचौड़ा की ग्राम पंचायत खटकिया के शासकीय पंचायत भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पंचायत भवन में उपस्थित आमजनों एवं ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए उपयोगी केंद्र बने और यहां से गांव के विकास के लिए अच्छे निर्णय लिए जाएं।
पंचायत भवन के विभिन्न कक्षों का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री कन्याल ने पंचायत भवन में मीटिंग हॉल, अतिथि कक्ष, कंप्यूटर एवं आईटी कक्ष, स्टोरेज कक्ष सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत भवन में उपलब्ध संसाधनों और उनके उपयोग की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।
ग्रामीणों से चर्चा कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने पंचायत भवन में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा गांव के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने पंचायत स्तर पर आमजन की सहभागिता और आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
‘यह भवन आपके लिए शुभ हो, अच्छे निर्णय लें’
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि यह पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए शुभ हो और यहां से गांव के विकास के लिए अच्छी नीतियां एवं निर्णय लिए जाएं। उन्होंने सरपंच एवं सचिव सहित पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि वे गांव के हित में अच्छे-अच्छे निर्णय लें और ग्रामीणों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य करें।
हर पंचायत में बड़ा तालाब बनाने का प्रयास
कलेक्टर ने कहा कि हर पंचायत में एक बड़ा तालाब हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण एवं गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए तथा ग्रामीणजन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं।
बच्चों की शिक्षा और टीम भावना पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि गांव का कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। सभी बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों एवं पंचायत को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सरपंच, सचिव, ग्रामीणों एवं सभी संबंधित लोगों से समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए गांव के विकास को आगे बढ़ाने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम चांचौड़ा श्री अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
