बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर कन्याल, पढ़ाया पाठ और सही जवाब पर बांटी खाद्य सामग्री
खटकिया आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण कर बच्चों की सीखने की गतिविधियों का लिया जायजा
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने चांचौड़ा के ग्राम खटकिया आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण कर वहां उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की संख्या के बारे में जानकारी ली और स्वयं बच्चों को पढ़ाते हुए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनसे सवाल किए। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक जवाब दिए। सही जवाब देने वाले बच्चों को खाद्य सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बच्चों से हाथ मिलाकर बढ़ाया अपनापन
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने बच्चों के साथ सहजता से संवाद किया। कुछ बच्चों ने उत्साहपूर्वक आगे बढ़कर उनसे हाथ मिलाया। उन्होंने बच्चों को अलग-अलग रंगों की पहचान कराई और विभिन्न तरीकों से सवाल पूछकर उनकी समझ एवं सीखने की क्षमता को परखा। बच्चों ने भी उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया।
परिजनों से कहा—बच्चों को नियमित आंगनवाड़ी लेकर आएं
कलेक्टर ने बच्चों के परिजनों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र लेकर आएं, ताकि वे नियमित रूप से नई-नई चीजें सीख सकें और उनकी सीखने की क्षमता का निरंतर विकास हो। उन्होंने आंगनवाड़ी में बच्चों को मिल रही गतिविधियों एवं सुविधाओं की जानकारी भी ली।
सही जवाब देने वाले बच्चों का किया उत्साहवर्धन
बच्चों द्वारा पूछे गए सवालों के सही जवाब देने पर कलेक्टर श्री कन्याल ने उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सही जवाब देने वाले सभी बच्चों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। अंत में कलेक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और बच्चों ने सामूहिक रूप से फोटो भी लिया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम चांचौड़ा श्री अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
