Type Here to Get Search Results !

किताब उठाकर बच्चों को पढ़ाने लगे कलेक्टर श्री कन्याल, सिखाई याद करने और समझकर पढ़ने की तकनीक

 किताब उठाकर बच्चों को पढ़ाने लगे कलेक्टर श्री कन्याल, सिखाई याद करने और समझकर पढ़ने की तकनीक

पेड़ हमें छाया देते हैं और बादलों पानी देते हैं, कलेक्टर ने बच्चों से संवाद करते हुए पढ़ाया पाठ, बच्चों ने उत्साह से दिए जवाब


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने चांचौडा के ग्राम खटकिया स्कूल भवन के निरीक्षण के दौरान बच्चों से आत्मीय संवाद किया और स्वयं किताब उठाकर उन्हें पढ़ाना शुरू कर दिया। उन्होंने बच्चों को पाठ पढ़ाते हुए केवल विषय की जानकारी ही नहीं दी, बल्कि चीजों को समझकर पढ़ने, याद रखने और लंबे समय तक स्मरण रखने की सरल तकनीक भी सिखाई। कलेक्टर के साथ संवाद के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए।

बच्चों को पढ़ाया पेड़ का महत्व

कलेक्टर श्री कन्याल ने बच्चों से संवाद करते हुए पेड़-पौधों के महत्व पर पाठ पढ़ाया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि पेड़ हमें छाया देते हैं और वातावरण में जलचक्र बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी विषय को केवल रटने के बजाय उसे समझकर पढ़ना चाहिए, क्योंकि समझकर पढ़ी गई बात लंबे समय तक याद रहती है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई की ऐसी तकनीकें भी बताईं, जिनसे कठिन विषयों को आसानी से याद रखा जा सके। कलेक्टर द्वारा स्वयं बच्चों के बीच बैठकर पढ़ाने से बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए।

“किस-किस ने पेड़ लगाया?”—सभी बच्चों ने उठाए हाथ

कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि किस-किस बच्चे ने पेड़ लगाया है। सवाल सुनते ही लगभग सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक हाथ उठाए। बच्चों ने बताया कि उन्होंने अपने घर या आसपास पौधे लगाए हैं, उन्हें नियमित रूप से पानी देते हैं और उनकी देखभाल भी करते हैं। कलेक्टर ने बच्चों से यह भी पूछा कि सबसे बड़ा पेड़ किसका होगा? इस पर बच्चों ने उत्साह के साथ बताया कि वे अपने लगाए पौधों की देखभाल कर रहे हैं और उन्हें बड़ा करेंगे। कलेक्टर ने बच्चों को पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

बच्चों ने बताया अपना सपना

संवाद के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा। बच्चों ने अपनी-अपनी रुचि के अनुसार शिक्षक, डॉक्टर, इंजीनियर, पायलट और पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा बताई। कलेक्टर ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लक्ष्य कोई भी हो, उसे पाने के लिए नियमित पढ़ाई, समझ के साथ सीखने और निरंतर मेहनत की आवश्यकता होती है।

निरीक्षण के साथ बच्चों से आत्मीय संवाद

खटकिया स्कूल भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बच्चों के बीच समय बिताया। उनका बच्चों के साथ सीधे संवाद करना और स्वयं किताब उठाकर पढ़ाना विद्यालय में मौजूद बच्चों के लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, अपने सपनों के प्रति समर्पण और सीखने की जिज्ञासा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम चांचौड़ा श्री अमित सोनी सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.