कनकनहेरू में ग्रामीणों से रूबरू हुए कलेक्टर, फसल और सिंचाई की ली जानकारी; विधायक भी रहीं मौजूद
तालाब की स्थिति देखी, निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का भी किया निरीक्षण
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने चांचौड़ा की ग्राम पंचायत कनकनहेरू पहुंचकर तालाब एवं विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से सीधे संवाद कर फसलों, सिंचाई की व्यवस्था तथा खेती से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को जी-रामजी योजना के संबंध में जानकारी देते हुए योजना के माध्यम से मिलने वाले लाभों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची भी उपस्थित रही, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
ग्रामीणों से संवाद कर जानी खेती-किसानी की स्थिति
कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए वर्तमान में बोई गई फसलों, सिंचाई के साधनों तथा खेती में आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों से कहा कि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएं। उन्होंने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।
चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची ने भी निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से संवाद किया और खेतों की स्थिति, सिंचाई व्यवस्था तथा किसानों की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जल संरक्षण और कृषि आधारित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने किसानों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
तालाब का निरीक्षण
कलेक्टर ने ग्राम के तालाब का निरीक्षण कर उसकी स्थिति एवं उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तालाब के रखरखाव और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्राम में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी ली तथा निर्माण कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम चांचौड़ा श्री अमित सोनी, सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
