Type Here to Get Search Results !

समय पर राशन वितरण की ली जानकारी, पैंची में पीडीएस दुकान का किया निरीक्षण

 समय पर राशन वितरण की ली जानकारी, पैंची में पीडीएस दुकान का किया निरीक्षण

स्कूल-छात्रावास पहुंचे अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि, बच्चों से संवाद कर पढ़ाई और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रेरित


गुना 

चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने चांचौड़ा के ग्राम पैंची में विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पीडीएस दुकान पर हितग्राहियों से राशन वितरण की जानकारी ली गई तथा यह जाना कि उन्हें समय पर खाद्यान्न प्राप्त हो रहा है या नहीं। इसके बाद स्कूल एवं बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

पीडीएस दुकान पर हितग्राहियों से ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान पीडीएस दुकान का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने हितग्राहियों से चर्चा कर राशन वितरण की स्थिति जानी तथा यह जानकारी ली कि उन्हें निर्धारित समय पर राशन प्राप्त हो रहा है या नहीं।

स्कूल में बच्चों से संवाद, समय पर शिक्षकों की उपस्थिति की ली जानकारी

इसके बाद ग्राम पंचायत पैंची स्थित शासकीय स्कूल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी हो तो बताएं और मन लगाकर अच्छी पढ़ाई करें। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति एवं स्कूल की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली।

कलेक्टर ने संस्कृत भाषा के महत्व से कराया परिचित

स्कूल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने संस्कृत विषय के संबंध में कहा कि संस्कृत एक बहुत समृद्ध एवं उन्नत भाषा है। हमारे प्राचीन समय में संस्कृत का व्यापक रूप से उपयोग होता था। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस विषय को अच्छे से पढ़ने पर परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक ने आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में अवसर मौजूद हैं। जीवन में आप जो भी कार्य करें, उसे अच्छे ढंग से करें और अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर बनें।

छात्राओं को खाद्य सामग्री का किया वितरण

निरीक्षण के दौरान बालिका छात्रावास की छात्राओं को खाद्य सामग्री का भी वितरण किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं से छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम श्री अमित सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.