ड्रिप-मल्चिंग से मिर्च की खेती बनी फायदे का सौदा, किसान ने बढ़ाया रकबा
कलेक्टर श्री कन्याल ने टोड़ी में प्रगतिशील किसान रामकृष्ण मीणा के खेत का किया भ्रमण, उद्यानिकी फसलों की ओर बढ़ रहा किसानों का रुझान
गुना
‘’मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के अंतर्गत कलेक्टर श्री किशोर कन्याल एवं चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने शुक्रवार को विकासखंड चांचौड़ा के ग्राम टोड़ी पहुंचकर प्रगतिशील किसान श्री रामकृष्ण मीणा के मिर्च के खेत का भ्रमण किया। किसान ने आधुनिक तकनीक, ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग अपनाकर मिर्च की खेती को लाभकारी उद्यानिकी गतिविधि के रूप में विकसित किया है।
श्री रामकृष्ण मीणा ने बताया कि उन्होंने विगत वर्ष पहली बार मिर्च की खेती शुरू की थी। अनुभव की कमी के कारण खेती के दौरान कई तकनीकी गलतियां हुईं, लेकिन उन्होंने उन गलतियों से सीख लेते हुए खेती की बारीकियों को समझा। एक एकङ में मिर्च उत्पादन से उन्हें करीब दो लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। इस अनुभव से उत्साहित होकर किसान ने इस वर्ष अपनी तकनीकी कमियों को दूर करते हुए मिर्च का रकबा बढ़ाकर दो एकड़ कर दिया है।
किसान के अनुसार इस वर्ष फसल की स्थिति बेहतर है और उत्पादन एवं बाजार भाव को देखते हुए उसे प्रति एकड़ लगभग 5 लाख रुपये तक की शुद्ध आय होने की संभावना है। ड्रिप एवं मल्चिंग तकनीक के कारण सिंचाई जल का बेहतर उपयोग, खरपतवार नियंत्रण तथा फसल प्रबंधन में सुविधा मिल रही है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने खेत का अवलोकन करते हुए किसान द्वारा अपनाई गई आधुनिक तकनीकों की सराहना की तथा अन्य किसानों को भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप लाभकारी उद्यानिकी फसलों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची ने भी किसान श्री रामकृष्ण मीणा से मिर्च की खेती के संबंध में संवाद किया। उन्होंने किसान से मिर्च की खेती में आने वाली लागत, उत्पादन, बाजार भाव तथा ड्रिप एवं मल्चिंग तकनीक से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। किसान ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आधुनिक तकनीकों को अपनाने से पानी की बचत के साथ उत्पादन एवं आय में भी वृद्धि हुई है। विधायक श्रीमती पेंची ने किसान द्वारा अपनाई गई उन्नत कृषि तकनीकों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी लाभकारी उद्यानिकी फसलों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
गुना जिले में बढ़ रहा उद्यानिकी का दायरा
गुना जिले में किसानों का रुझान परंपरागत फसलों के साथ-साथ मिर्च, अमरूद, पुष्प, गुलाब सहित विभिन्न उच्च मूल्य वाली उद्यानिकी फसलों की ओर लगातार बढ़ रहा है। ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, संरक्षित खेती और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन जैसी तकनीकों को अपनाकर किसान कम क्षेत्र में अधिक आय प्राप्त करने के नए मॉडल विकसित कर रहे हैं।
उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को योजनाओं के माध्यम से तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं अनुदान का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे जिले में उद्यानिकी फसलों का रकबा बढ़ने के साथ किसानों में आधुनिक तकनीक अपनाने और खेती को व्यवसाय के रूप में विकसित करने की सोच भी मजबूत हो रही है।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम चांचौड़ा श्री अमित सोनी, उप संचालक उद्यान श्री केपीएस किरार, उपसंचालक कृषि श्री संजीव शर्मा, सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
