लाल परेड मैदान पर भव्य परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम रिहर्सल संपन्न
*शानदार मार्च पास्ट एवं प्रशिक्षित स्निफर डॉग के प्रदर्शन ने बढ़ाया रोमांच*
*विद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने दीं देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां*
आगामी दिनांक 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा । इस अवसर पर गुना के लाल परेड मैदान पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं । स्वतंत्रता दिवस समारोह के पूर्व आज दिनांक 13 अगस्त 2026 को लाल परेड मैदान पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना श्री प्रशांत सिंह सुमन की उपस्थिति में परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई । पूर्वाभ्यास मुख्य समारोह के निर्धारित कार्यक्रम एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप किया गया ।
अंतिम रिहर्सल के दौरान निर्धारित कार्यक्रमानुसार मुख्य अतिथि की भूमिका का निर्वहन करते हुए अपर कलेक्टर श्री अखिलेश कुमार जैन द्वारा ध्वजारोहण किया गया । इसके उपरांत परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में परेड का संचालन किया गया तथा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई । मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया । इसके पश्चात परेड द्वारा हर्ष फायर एवं शानदार मार्च पास्ट की कार्यवाही संपन्न की गई । इस दौरान पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का रोमांचक एवं शानदार प्रदर्शन भी किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया ।
परेड में पुलिस, एसएएफ एवं होमगार्ड के प्लाटूनों के साथ-साथ एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस एवं शौर्य दल सहित कुल 13 प्लाटूनों ने सहभागिता की । सभी प्लाटूनों ने निर्धारित अनुशासन एवं समन्वय के साथ मार्च पास्ट का पूर्वाभ्यास किया ।
अंतिम रिहर्सल के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास किया गया । विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत एवं नशा मुक्ति जागरूकता हेतु आकर्षक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अधिकारियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया ।
उल्लेखनीय है कि गुना जिले में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह दिनांक 15 अगस्त 2026 को लाल परेड मैदान पर आयोजित किया जाएगा । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर गुना श्री किशोर कुमार कन्याल प्रातः 09:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर ध्वजारोहण करेंगे । इसके पश्चात परेड की सलामी एवं निरीक्षण किया जाएगा तथा माननीय मुख्यमंत्री महोदय के संदेश का वाचन किया जाएगा । इसके अलावा पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक विविधता से परिपूर्ण रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी ।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं ।
