Type Here to Get Search Results !

ग्राम महंत के मां चंडी दाई मंदिर में पुनः सजा मां का श्रृंगार

 ग्राम महंत के मां चंडी दाई मंदिर में पुनः सजा मां का श्रृंगार


एसपी पाण्डेय ने गांव में किया महिला कमाण्डो का गठन



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 


जांजगीर चाम्पा - जिले के थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महंत स्थित प्रसिद्ध मां चंडी दाई मंदिर में आज श्रद्धा , आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कुछ दिन पूर्व मंदिर से मां के सिर पर सजे चांदी के मुकुट एवं सोने के आभूषण चोरी होने की घटना के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सामग्री बरामद कर ली थी। पुलिस की इसी कार्यवाही के बाद आज पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के नेतृत्व में एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल , डीएसपी अजाक श्रीमती सतरूपा तारम , थाना प्रभारी नवागढ़ मणिकांत पाण्डेय , गणमान्य नागरिक देवेश सिंह सहित पत्रकार साथी एवं ग्रामीणजन की उपस्थिति में मां चंडी दाई के चोरी गए मुकुट एवं आभूषणों को न्यायालय से सुपुर्दनामा में प्राप्त कर विधिवत शुद्धिकरण कराया गया और पूरे विधि- विधान एवं श्रद्धा के साथ मां चंडी दाई का पुनः भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर भरम बाबा मंदिर से मां चंडी दाई मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पुलिस बैंड की मधुर धुनों के साथ श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। पुलिस अधिकारी , गणमान्य नागरिक , पत्रकार साथी एवं ग्रामीणजन शोभायात्रा में शामिल हुए और मां चंडी दाई के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बताते चलें मंदिर में चोरी की घटना से जहां ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल था , वहीं पुलिस की त्वरित कार्यवाही से आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी की गई सामाग्री की बरामदगी ने लोगों में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया। आज मां का पुनः श्रृंगार होने के साथ मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और उल्लास फिर से देखने को मिला।


 ग्राम महंत में महिला कमांडो टीम का गठन


कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुये ग्राम महंत की सक्रिय महिलाओं को जोड़कर महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। महिला कमांडो ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा , अपराधों के प्रति जागरूकता तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.