मोबाईल कोर्ट के माध्यम से शासकीय चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाकर भूमि शासन के कब्जे में ली
गुन
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में मोबाइल कोर्ट के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम राघौगढ़ श्री अमित सोनी के मार्गदर्शन में तहसीलदार राघौगढ़ श्री अनुराग जैन द्वारा राजस्व अमले के साथ ग्राम बालाभेंट में कार्रवाई की गई।
ग्राम बालाभेंट स्थित भूमि सर्वे क्रमांक 3 एवं 15/1, कुल रकबा लगभग 200 बीघा में से अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इसमें प्रहलाद पुत्र सांवलिया, जाति अहिरवार द्वारा 1.045 हेक्टेयर भूमि पर मक्का की बुआई की गई थी। इसी प्रकार उत्तम पुत्र कैलाश नारायण, जाति धाकड़ द्वारा 0.209 हेक्टेयर शासकीय चारागाह भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। राजस्व अमले ने दोनों स्थानों से अतिक्रमण हटाकर भूमि शासन के कब्जे में ले ली।
कार्रवाई के दौरान पंचनामा तैयार किया गया तथा मौके की फोटोग्राफी भी कराई गई। वर्तमान में उक्त भूमि को चारागाह के लिए सुरक्षित किया गया है।
