Type Here to Get Search Results !

गुना में पहली बार अपनाई गई उन्नत तकनीक, कलेक्टर ने रिजौदा में प्रगतिशील किसान के पॉलीहाउस का किया निरीक्षण

 गुना में पहली बार अपनाई गई उन्नत तकनीक, कलेक्टर ने रिजौदा में प्रगतिशील किसान के पॉलीहाउस का किया निरीक्षण

सेंसर आधारित ऑटोमेशन से पॉलीहाउस में गुलाब की खेती, 5 हेक्टेयर में फलोद्यान और इंटीग्रेटेड पैक हाउस की भी तैयारी


गुना 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आरोन विकासखंड के ग्राम रिजौदा में प्रगतिशील किसान अकबर हुसैन फैजी के खेतों का भ्रमण किया। उन्होंने यहां लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में पॉलीहाउस के अंदर की जा रही डच रोज गुलाब की खेती तथा सेंसर आधारित ऑटोमेशन एवं फर्टिगेशन सिस्टम का निरीक्षण किया। गुना जिले में पहली बार अपनाई गई इस आधुनिक तकनीक से फसल की आवश्यकता के अनुसार पानी, उर्वरक एवं पोषण प्रबंधन को नियंत्रित किया जा रहा है।

सेंसर से नियंत्रित हो रहा पानी और पोषण प्रबंधन

पॉलीहाउस में सेंसर एवं ऑटोमेशन सिस्टम के माध्यम से EC, pH, पानी की मात्रा और उर्वरक के डाइल्यूशन को नियंत्रित किया जाता है। इससे पौधों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पानी एवं पोषक तत्व मिलते हैं, वहीं अतिरिक्त पानी और उर्वरक की बचत भी होती है। इससे गुलाब की गुणवत्ता में एकरूपता बनाए रखने के साथ श्रम एवं मानवीय हस्तक्षेप को कम करने में मदद मिल रही है।

कलेक्टर ने ली आधुनिक तकनीक की जानकारी

कलेक्टर श्री कन्याल ने किसान से आधुनिक तकनीक के माध्यम से खाद एवं पोषण प्रबंधन, पानी की आवश्यकता तथा पौधों की देखभाल के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने पॉलीहाउस में फसल की स्थिति का अवलोकन करते हुए उन्नत तकनीक से खेती के अनुभवों की जानकारी भी ली।

5 हेक्टेयर में फलोद्यान, पैक हाउस की तैयारी

किसान ने बताया कि पॉलीहाउस में उत्पादित गुलाब को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शीघ्र ही इंटीग्रेटेड पैक हाउस तैयार कराया जाएगा। इसमें कोल्ड रूम सहित अन्य पोस्ट-हार्वेस्ट सुविधाएं तथा रिफ्रिजेरेटेड वैन की व्यवस्था प्रस्तावित है। इससे गुलाब सहित अन्य उद्यानिकी उत्पादों का सुरक्षित संग्रहण और नियंत्रित तापमान में परिवहन संभव होगा। किसान द्वारा लगभग 5 हेक्टेयर क्षेत्र में फलोद्यान विकसित करने की भी तैयारी की जा रही है।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम सुश्री मंजुषा खत्री, उप संचालक उद्यान श्री के.पी.एस. किरार, उप संचालक कृषि श्री संजीव शर्मा सहित अन्य जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.