रेलवे बोर्ड का आदेश होने के बाद भी परिवर्तित समय पर नहीं चल रही है बीना रुठियाई मेमू ट्रेन
गुना जिले से अभिनय मोरे की खबर
गुना।
बीना रुठियाई ट्रेन नंबर 61626 जिसका समय परिवर्तन कर रात्रि 8:30 पर परिचालन किए जाने का आदेश रेलवे बोर्ड द्वारा दिनांक 10 अगस्त 2026 को जारी कर दिया गया था, इसके एक दिन बाद 11 अगस्त 2026 को महा प्रबंधक कार्यालय द्वारा डीआरएम भोपाल को इस संबंध में निर्देश भी जारी कर दिया गया परंतु अभी तक गाड़ी संख्या 61626 का परिचालन रुठियाई से रात्रि 8:30 पर संभव नहीं हो पाया है।जानकारी अनुसार यह ट्रेन कब से परिवर्तन समय पर चलेगी इसे बताने में रेलवे अधिकारी आनाकानी कर रहे हैं, उनका यह कहना है कि, अभी रेलवे विभाग द्वारा परिवर्तित समय से चलाने का निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है, कहीं ऐसा तो नहीं की फिर किसी नेता को बुलाने के चक्कर में कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार हो रही हो, क्योंकि आम जनता को हो रही परेशानी से किसी को कोई लेना देना दिखाई नहीं दे रहा है, सैकड़ो यात्री प्रतिदिन परेशान हो रहे हैं। अब तो हद हो गई है कि, रेलवे बोर्ड का आदेश होने के बाद भी रुठियाई से परिवर्तन समय पर ट्रेन का संचालन नहीं हो पा रहा है यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है आम जनता की मांग पर यह कार्रवाई संपन्न हुई है फिर भी आम जनता अभी भी परेशान हो रही है।
27 जून को भेजे गए अनुशंसा पत्र पर रेल बोर्ड ने जारी किया है आदेश
गाड़ी संख्या 61626 का रुठियाई से चलने का समय जो पूर्व में निर्धारित किया गया था वह रात्रि 8:00 बजे है, इसे 8:30 के लिए जाने की मांग आम जनता द्वारा जब उठाई गई थी,उसके लिए गुना, अशोकनगर जिलों से पत्र व्यवहार महाप्रबंधक कार्यालय एवं रेल बोर्ड को किए गए, जिसके फलस्वरुप महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा 27 जून 2026 को रेलवे बोर्ड को समय परिवर्तन की अनुशंसा भेज दी गई थी, और मजेदार बात यह है कि 27 जून को ही गुना में इस ट्रेन का शुभारंभ क्षेत्रीय सांसद ने किया था। अब मुद्दा यह है कि, जब आम जनता की मांग पर समय परिवर्तन हुआ है, तब आम जनता को ही परेशान क्यों होना पड़ रहा है???? इसका जवाब रेलवे के अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं, और यह कह रहे हैं कि गाड़ी को परिवर्तित समय से चलाई जाने का अभी निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है जैसे ही निर्देश मिलेगा उसके अनुसार कार्रवाई होगी। जबकि हर दिन यात्री रुठियाई स्टेशन पर रात भर गाडी का इंतजार करता जब ढाई बजे जौधपुर भोपाल गाडी आती है तब पगारा,शाढोरा अशोकनगर, ओर,पिपरई, मुंगावली का यात्री जा पाता है । अब यह प्रश्न है कि, आम जनता के लिए चलाई गई ट्रेनों के लिए क्या किसी नेता के द्वारा हरी झंडी दिखाने का इंतजार किया जाएगा या जनता को सुविधा देने के लिए परिवर्तित समय पर ट्रेन चलाई जाएगी।
