कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का लिया जायजा
गुना
15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन लाल परेड ग्राउंड गुना पर किया जाना है। समारोह की पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा बुधवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने समारोह के आयोजन को लेकर की जा रही विभिन्न तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर द्वारा उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समारोह स्थल पर बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुये वाटरप्रूफ टेंट लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने लाइट, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक रखने के साथ ही समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह के दौरान आयोजित होने वाले डॉग शो को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली तथा आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों के नाम भी सम्मान के लिए जोड़े जाएं। उन्होंने कहा कि संस्थाओं, एनजीओ, स्पोर्ट्स, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को भी सम्मानित किया जाए। समारोह में आम नागरिकों की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, अनुविभागीय अधिकारी गुना श्रीमती शिवानी पांडे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
