धीरपुर गणेश मंदिर परिसर में नगरपालिका अमले की उपस्थिति में रोपे गए पौधे
राघोगढ़।
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राघोगढ़ नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री तेज सिंह यादव ने अपने जन्मदिन के शुभ अवसर पर एक अनुकरणीय पहल की। इस अवसर पर उन्होंने ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल धीरपुर गणेश मंदिर परिसर में पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने मंदिर परिसर में विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को यादगार बनाने के लिए पौधरोपण से बेहतर कोई माध्यम नहीं हो सकता। पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को शुद्ध रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक अनमोल उपहार हैं।
इस अवसर पर नगरपालिका राघोगढ़ का समस्त स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी कर्मचारियों ने सीएमओ को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं और उनके साथ मिलकर परिसर में पौधरोपण कर पौधों की देखभाल व संरक्षण का संकल्प लिया।